इंग्लैंड और साउथ वेल्स में फटा स्नो बम....अचानक आई तेज सर्द हवाएं
लंदन । इंग्लैंड में एक ही रात में मौसम ने ऐसी करवट बदली कि लोग कांपने लग गए। सड़कों, घरों, बिजली के खंभों हर कहीं बर्फ ही बर्फ गिरी दिख रही है। इतना ही नहीं तापमान गिर कर माइनस 9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
सर्दी में अचानक हुए मौसमी बदलाव को तकनीकी भाषा में स्नो बम कहते हैं। यानी बर्फ का बम फूटना। एकदम से तापमान गिर जाता है। ठंडी हवाएं चलती हैं। लगातार बर्फबारी होती रहती है। लाखों ब्रिटिश लोग अचानक हुए मौसमी बदलाव से परेशान हो गए। दक्षिणी इंग्लैंड और साउथ वेल्स में स्थिति ज्यादा खराब है। लंदन और दक्षिण-पूर्वी इलाकों में भी भयानक बर्फबारी देखनें को मिली है। मौसम विभाग ने यलो वेदर अलर्ट जारी किया है। साथ ही कहा है कि 12 जनवरी तक उत्तर-पूर्वी इलाके, यॉर्कशायर, लंदन और इंग्लैंड के पूर्वी इलाकों में भयानक बर्फबारी होने की आशंका है।
अगले 24 घंटों में साउथ वेल्स, मिडलैंड्स, लंदन और ईस्ट एंजलिया में बहुत से बहुत अधिक बर्फबारी होने की आशंका है। तापमान में तेजी से गिरावट आ सकती है। इसके बाद मौसम में सड़कों पर फिसलन बढ़ने की आशंका जाहिर की गई है। लोगों को सुरक्षित और घरों में रहने का निर्देश दिया गया है। लोगों को कहा गया है कि खासतौर से रात में गाड़ियां लेकर बाहर न निकले, बर्फ की वजह से पैदा हुई फिसलन और कम विजिबिलिटी से हादसों की आशंका है।