भोपाल ।  बालीवुड फिल्‍मों में 50 साल के अभिनेता के साथ 20 साल की अभिनेत्री रोमांस करते हुए नजर आती है। यही नहीं, लेखक और निर्देशक भी उसी के हिसाब से अपनी कहानी भी गढ़ते हैं। यह पुरुष और महिला के बीच गैप ही है। यह कहना है अभिनेत्री प्रीति झंगियानी का, जो पंजा कुश्ती प्रतियोगिता के प्रमोशन के लिए भोपाल आई हैं। उनके साथ उनके अभिनेता पति प्रवीण डबास भी आए हैं। ये दोनों ही इस खेल को बढ़ावा दे रहे हैं। इस मौके पर प्रीति ने बालीवुड में अपने अभिनय सफर के बारे में बात करते हुए कहा कि मैंने हमेशा वहीं फिल्मों में काम करना पसंद किया है, जिसके किरदार मुझे पसंद आए। प्रीति ने बताया कि इस उम्र की अभिनेत्री ऐसे रोल नहीं कर सकती। उसे बड़ी बहन या फिर मां के किरदार ही दिए जाते हैं। ये समस्या हालीवुड में भी है। जिसमें पुरुषों के किरदार ज्यादा दमदार रखे जाते हैं।

अभिनेत्री की बालीवुड इंडस्ट्री में छोटी उम्र होती है

प्रीति ने कहा कि अभिनेत्री की बालीवुड इंडस्ट्री में बहुत छोटी उम्र होती है। हालांकि, समय के साथ बदलाव आ रहा है। अब अभिनेत्री को केंद्रीय किरदार में लेते हुए फिल्में बन रही हैं। बड़ी उम्र की एक्ट्रेस को भी दमदार किरदार मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही ओटीटी पर उनका एक शो 'कफस’आने वाला है, जिसमें उनके साथ शरमन जोशी सहित बड़ी कास्ट है। प्रीति ने बताया कि अब देश में खेलों को लेकर सोच बदली है। महिला और पुरुष दोनों ही खेल को पसंद कर रहे हैं। मुझे शुरू से ही खेल पसंद रहा है। पंजा कुश्‍ती एक नया खेल है। इसे आनलाइन ज्यादा पसंद किया जा रहा है। मध्यप्रदेश भी कुश्ती पंजा का गढ़ बन सकेगा। इस क्षेत्र में अब महिलाएं भी आगे रही हैं। वे भी हर खेल में अपने हाथ आजमा रही हैं।

आज भोपाल में पहली बार होगी पंजा कुश्ती

शहर के बोट क्लब पर पहली बार पंजा कुश्ती होगी। इस दौरान दिग्गजों के बीच घमासान होगा। पहला मुकाबला ग्वालियर के सचिन गोयल और आगरा के आकाश कुमार के बीच होगा। इसमें पांच राउंड खेले जाएंगे। इसके बाद सचिन तोमर और शाद खान (बेस्ट आफ फाइव), अरविंद रजक और सुजीत महौर (बेस्ट आफ थ्री), मनीष कुमार और महबूब खान ( बेस्ट आफ थ्री), आशा कुमारी और पूजा भदौरिया (बेस्ट आफ थ्री) और सोनू चौरसिया और अफजल खान (बेस्ट आफ थ्री) के बीच मुकाबले खेले जाएंगे।