भोपाल ।   गोविंदपुरा थाना इलाके में शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक गोदाम में आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया और आसपास स्थित लोगों के घरों तक आग की लपटें पहुंचने लगी। इधर आग लगने की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड अमला मौके पर पहुंच गया था और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद दमकलों ने आग पर काबू पा लिया। जिस गोदाम में आग लगी थी, उसे बैंक द्वारा कुर्क करने के बाद बंद कर दिया गया था। इस बंद गोदाम में पेंट रखा हुआ था, जो लाखों रुपये का बताया जा रहा है। आगजनी की इस घटना में पेंट जलकर स्‍वाहा हो गया। फायर ब्रिगेड अधिकारी इफतेखार ने बताया कि गोविंदपुरा के औद्योगिक क्षेत्र की एक गोदाम में शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मौके पर फायर दमकलें रवाना कर दी गई थी। आग भीषण होने की वजह से पुल बोगदा, फतेहगढ़ और बैरागढ़ फायर स्टेशन से दमकलें पहुंची थी। छह से अधिक दमकल गाड़ियों की मदद से फायर अमले ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस दौरान गोदाम में रखा माल जलकर खाक हो चुका था। आग की सूचना पुलिस को भी दे दी गई थी। बताया जा रहा है कि आग नेशनल गोदाम में लगी थी। जिसमें पुराना पेंट का स्टाक रखा हुआ था। इसे बैंक ने कुर्क कर दिया था। अब आग लगने के मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस करेगी।

गर्मी में आए दिन हो रहीं आग की घटनाएं

भीषण गर्मी के कारण आए दिन आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। शुक्रवार को ही जहांगीराबाद इलाके में पुरानी विधानसभा के सामने आइसीआइसीआई बैंक के सर्वर रूम में आग लग गई थी। जिसे फायर दमकलों ने समय रहते बुझा दिया था। यदि समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।