राजनांदगांव । जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता भागवत साहू ने प्रदेश में लगातार हो रही बिजली कटौती और बढ़ती बिजली दरों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एक ओर नई-नई इंडस्ट्रीज लाने और रोजगार के अवसर बढ़ाने का दावा कर रही है वहीं दूसरी ओर पहले से संचालित उद्योगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। बिजली कटौती से किसान, मजदूर, व्यापारी और उद्योगपति सभी परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि कई क्षेत्रों में 24 घंटे में करीब 8 से 10 घंटे तक बिजली गुल रहने से औद्योगिक गतिविधियां और लोगों का रोजगार प्रभावित हो रहा है। श्री साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पास ऊर्जा विभाग भी है। ऐसे में बिजली व्यवस्था को लेकर सरकार की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा ने लोगों को रोजगार देने और उद्योगों को बढ़ावा देने के बड़े-बड़े दावे किए थे लेकिन मौजूदा स्थिति में बिजली कटौती के कारण लोगों के रोजगार पर ही संकट खड़ा हो रहा है। श्री साहू ने कहा कि राजनांदगांव जिले में टेडेसरा, सोमनी, जोरातराई अंजोरा, इरा, साकरा सहित कई औद्योगिक क्षेत्र हैं। यहां संचालित उद्योग बिजली पर निर्भर हैं। लगातार बिजली कटौती के कारण उत्पादन प्रभावित हो रहा है और उद्योग संचालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसका सीधा असर उद्योगों में काम करने वाले श्रमिकों की रोजी-रोटी पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सामने दीपावली का बड़ा त्योहार है। ऐसे समय में यदि उद्योगों में उत्पादन प्रभावित होता है तो मजदूरों को मिलने वाला रोजगार और मजदूरी भी प्रभावित होगी। किसान, छोटे व्यापारी, दुकानदार और अन्य व्यवसायी भी बिजली कटौती से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की गलत उद्योग नीति और बिजली व्यवस्था के कारण राजनांदगांव का औद्योगिक क्षेत्र कठिन दौर से गुजर रहा है। श्री साहू ने कहा कि प्रदेश में बिजली कटौती के साथ-साथ बिजली की बढ़ती दर भी उद्योगों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। खासकर फेरो अलॉयज उद्योग बिजली पर अत्यधिक निर्भर है। उद्योग की ओर से सरकार को भेजे गए पत्र में मौजूदा परिस्थितियों को गंभीर बताते हुए शुद्ध बिजली दर को घटाकर 5 रुपए प्रति यूनिट करने के लिए राहत एवं छूट की मांग की गई है। उद्योग से जुड़े आंकड़ों के अनुसार छत्तीसगढ़ में फेरो अलॉयज क्षेत्र की 30 से अधिक इकाइयां संचालित हैं और इनकी कुल बिजली खपत करीब 150 मेगावॉट बताई गई है। एक टन फेरो अलॉयज तैयार करने में लगभग 4 हजार यूनिट बिजली की आवश्यकता होती है। ऐसे में बिजली दर में मामूली वृद्धि का भी उत्पादन लागत पर बड़ा असर पड़ता है। उद्योग की ओर से भेजे गए पत्र में बिजली लागत को उत्पादन लागत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए इसे प्रतिस्पर्धा के लिए बड़ी चुनौती बताया गया है उद्योग की ओर से दिए गए आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2014 में शुद्ध बिजली दर 4.76 रुपए प्रति यूनिट थी, जो 2020 में बढ़कर 6.43 रुपए, 2024 में 6.60 रुपए और 2025 में 6.90 रुपए प्रति यूनिट हो गई। वर्ष 2026 में यह दर 7.15 रुपए प्रति यूनिट बताई गई है। जून 2026 तक 6.80 से 6.90 रुपए प्रति यूनिट की दर के मुकाबले बढ़कर करीब 7.20 रुपए प्रति यूनिट होने का भी उल्लेख किया गया है। श्री साहू ने कहा कि जब छत्तीसगढ़ के उद्योगों को दूसरे राज्यों के मुकाबले महंगी बिजली मिलेगी तो यहां के उद्योग राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कैसे प्रतिस्पर्धा करेंगे। उन्होंने सरकार से उद्योगों को राहत देने के लिए बिजली की दर कम करने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। उद्योग की ओर से सरकार के समक्ष रखे गए आंकड़ों में दूसरे राज्यों में अपेक्षाकृत कम बिजली दरों का हवाला दिया गया है। इसके अनुसार मध्यप्रदेश में करीब 5.40 रुपए, ओडिशा में 5.10 रुपए, दुर्गापुर में 5 रुपए और मेघालय में 5 रुपए प्रति यूनिट की दर बताई गई है। रायगढ़ स्थित जिंदल पार्क के लिए भी करीब 5 रुपए प्रति यूनिट की दर का उल्लेख किया गया है। उद्योग का कहना है कि छत्तीसगढ़ में बिजली दर और प्रतिस्पर्धी राज्यों की दरों के बीच करीब 2.62 रुपए प्रति यूनिट का अंतर है। इससे उत्पादन लागत में प्रति टन 10 हजार रुपए से अधिक का अतिरिक्त भार पड़ने का दावा किया गया है। इससे छत्तीसगढ़ में निर्मित उत्पाद घरेलू और वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा के लिहाज से महंगे पड़ रहे हैं। श्री साहू ने कहा कि उद्योग केवल उद्योगपतियों का विषय नहीं है बल्कि इससे हजारों श्रमिकों और उनके परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। उद्योग की ओर से करीब 50 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का दावा किया गया है। साथ ही सरकार को करीब 1,000 करोड़ रुपए वार्षिक कर राजस्व और बिजली विभाग को करीब 600 करोड़ रुपए वार्षिक आय होने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि यदि बिजली की समस्या और महंगी दरों का समाधान नहीं किया गया तो इसका असर उद्योगों के साथ-साथ रोजगार, सरकार के राजस्व और भविष्य में होने वाले नए निवेश पर भी पड़ेगा। उन्होंने सरकार से तत्काल उद्योगों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर समस्या का समाधान करने की मांग की। श्री साहू ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बिजली कटौती का सिलसिला इसी तरह जारी रहा और उद्योगों में उत्पादन प्रभावित होता रहा तो श्रमिकों में आक्रोश बढ़ सकता है। ऐसी स्थिति में श्रमिकों को जनआंदोलन और सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र में ही इतने बड़े औद्योगिक क्षेत्र होने के बावजूद बिजली व्यवस्था का यह हाल चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का विधानसभा क्षेत्र है। ऐसे में सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि उद्योगों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के साथ बिजली दरों में राहत दी जाए ताकि उद्योग सुचारू रूप से चलें, मजदूरों का रोजगार सुरक्षित रहे और प्रदेश में नए निवेश का माहौल बना रहे।