नई दिल्ली । केंद्र सरकार भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर हर घर तिरंगा अभियान की जोर-शोर से तैयारी कर रही है। इसी कड़ी में 3 अगस्त को संसद सदस्यों ने बाइकों पर सवार होकर तिरंगा यात्रा निकाली। लाल किला से उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने केंद्रीय मंत्रियों प्रल्हाद जोशी और पीयूष गोयल की मौजूदगी में तिरंगा यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का समापन विजय चौक पर हुआ। तिरंगा यात्रा में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी स्कूटी चलाती हुई नजर आईं।
बीते मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संसदीय दल की बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री जोशी ने कहा था कि यह आयोजन संस्कृति मंत्रालय की ओर से किया जा रहा है, न कि भाजपा की ओर से। उन्होंने सभी दलों के सांसदों से इस कार्यक्रम में भाग लेने का आग्रह किया और उन्हें सुबह साढ़े आठ बजे लाल किला पहुंचने को कहा था। संसदीय दल की बैठक में भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने आजादी की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर नौ अगस्त से 15 अगस्त के बीच आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों के बारे में चर्चा की थी। उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान पर खासा जोर दिया और भाजपा सांसदों से अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में लोगों को इससे जोड़ने का आग्रह किया।