भोपाल । नगर निगम शहर के हर घर में तिरंगा फहराने के लिए एक करोड रुपए के तिरंगे क्रय करेगा। एक करोड़ रुपये में पांच लाख तिरंगे की खरीदी की जाएगी। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत भोपाल जिले में हर घर तिरंगा अभियान जोर पकड़ रहा है। अब तक एक लाख तिरंगा जेम्स के माध्यम से क्रय किया गया है। बाकि के चार लाख तिरंगों की खरीदी 11 अगस्त से पहले कर ली जाएगी। इनको घर-घर वितरित करने की जिम्मेदारी वार्ड कार्यालय के कर्मचारियों को सौंपी गई है। नगर निगम आयुक्त केवीएस चौधरी कोलसानी ने बताया कि अभी तक एक लाख झंडे 19 जोन में बांटे जा चुके हैं। इनकी खरीदी स्वसहायता समूह की महिलाओं से की गई है। आगे भी ये महिलाएं दिन रात तिरंगे बनाने में लगी हैं। विकाखण्ड फंदा की ग्राम पंचायत ईटखेड़ी सड़क स्थित समर्थन संकुल केन्द्र के अंतर्गत 57 गांव की 350 महिलाएं तिरंगा बना रही हैं। इन्हें दो लाख तिरंगे का आर्डर दिया गया है। जबकि अन्य दो लाख तिरंगे जेम्स पोर्टल के माध्यम से खरीदे जा रहे हैं। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत देशभर में हर घर तिरंगा फहराने की मुहिम चलाई जा रही है। इसके लिए बड़े स्तर झंडे भी खरीदे जा रहे हैं। लेकिन सबसे मुश्किल काम लोगों के घरों में इनको बांटना है। इसका कारण वार्ड में मौजूद कर्मचारियों की संख्या कम और रहवासियों की संख्या अधिक होना है। वार्ड स्तर पर मौजूद कर्मचारियों का कहना है कि हमारे पास पहले से ही राजस्व वसूली, स्पाट फाइन, बीएलओ समेत अन्य कार्यों का बोझ है, अब निगम द्वारा तिरंगा बांटने में लगाया जा रहा है।स्वसहायता समूह की सदस्य राधा मीणा ने बताया कि उनके समूह को नगर निगम भोपाल से दो लाख तिरंगा बनाने का आर्डर मिला है। बीस रुपये प्रति तिरंगे की दर से इनको भुगतान किया जा रहा है।