आणंद | गुजरात चुनाव के प्रचार के लिए भाजपा, कांग्रेस और आप के स्टार प्रचार राज्य के विभिन्न हिस्सों में वोटरों को रिझाने का भरपूर प्रयास कर रहे हैं| भाजपा ने प्रचार अभियान में पीएम मोदी समेत स्टार प्रचारकों की पूरी फौज उतार दी है| मंगलवार को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आणंद जिले के खंभात में आयोजित चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर प्रहार किए| उन्होंने कहा कि पिछले 3 दशक से कांग्रेस गुजरात में सत्ता से बाहर है, इसके बावजूद जगह जगह बोर्ड लगाए हैं ‘कांग्रेस का काम बोलता है|’ उन्होंने कहा कि नेहरू की गलती को कांग्रेस कई दशकों तक जारी रखा और कश्मीर से धारा 370 नहीं हटाया| कांग्रेस को डर था कि अगर धारा 370 हटाई तो निश्चित वोट बैंक नाराज हो जाएगी| खंभात समेत सभी जानते हैं कांग्रेस को किस वोट बैंक के गंवाने का डर लगता है| उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी दोबारा प्रधानमंत्री बनने के साथ ही कश्मीर से धारा 370 एक झटके में खत्म कर दी| संसद में जब मैं धारा 370 हटाने का विधेयक लेकर खड़ा हुआ तब कांग्रेस समेत सपा, बसपा, टीएमसी ने चिल्लपों शुरू कर दी| कहते थे 370 हटाने से खून की नदियां बहेंगी| लेकिन आज किसी में हिम्मत नहीं है कि एक कंकर फैंक दे| आज कश्मीर भारत का मुकुट बनकर दुनिया के सामने है| ऐसे काम भाजपा और मोदी ही कर सकते हैं| अमित शाह ने कहा कि राम लला का जहां जन्म हुआ वहीं राम मंदिर बने ऐसी पूरे देश की इच्छा थी| लेकिन कांग्रेस इसके खिलाफ थी| उसे डर था कि अगर अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हुआ तो उसकी वोट बैंक हाथ से निकल जाएगी| यह काम भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर दिखाया और मंदिर का शिलान्यास कर उसका निर्माण शुरू करवा दिया| पहले राहुल गांधी समेत कांग्रेसी तंज कसते थे कि मंदिर वहीं बनाएंगे पर तारीख नहीं बताएंगे| उन्होंने लोगों से कहा कि अयोध्या में भव्य मंदिर में भगवान श्रीराम के दर्शन करने के लिए जनवरी 2024 के टिकट कटवा लो| काशी विश्वनाथ का मंदिर औरंगजेब ने तोड़ दिया था, लेकिन पहली सरकारों ने इसके जिर्णोद्धार का कोई प्रयास नहीं किया| प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी में भव्य काशी विश्वनाथ कोरिडोर बनवाया| यही काम हमने पावागढ़ में भी कर दिखाया| अमित शाह ने कहा कि किसी भी वोट बैंक से डरते नहीं हैं| उन्होंने कहा कि केन्द्र में 10 तक कांग्रेसनित यूपीए सरकार थी, तब पाकिस्तान से आलिया, मालिया, जमालिया भारत में घुसकर आतंक मचाते थे| लेकिन नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद आतंकी गतिविधियां बंद हो गईं| पुलवामा और ऊरी में आतंकी हमला कर पाकिस्तान ने बड़ी गलती कर दी| मोदी सरकार ने एक नहीं दो दफा पाकिस्तान में घुसकर एक बार सर्जिकल स्ट्राइक और दूसरी बार एयर स्ट्राइक कर उसे मुंहतोड़ जवाब दिया| इस कार्यवाही से मोदी ने पूरे विश्व को एक कड़ा संदेश दिया कि अगर कोई भारत को छेड़ेगा तो उसके गंभीर परिणाम होंगे| उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने ट्रिपल तलाक हटाया तो उससे भी कांग्रेस को पेट में मरोड शुरू हो गई| देश में महिला हिन्दू या मुस्लिम सभी एक समान हैं| अमित शाह ने कहा कि बेट द्वारका में बनी नकली मजारों को गुजरात सरकार ने साफ कर दिया| उन्होंने कहा कि गुजरात में कांग्रेस तीन दशक से सत्ता में नहीं है इसके बावजूद ‘कांग्रेस का काम बोलता है’ के बोर्ड लगाते घूम रही है| कभी राहुल गांधी ने कहा कि कोरोना निरोधी टीका मत लगवाना| यह मोदी का टीका है| ऐसा कहने वाले राहुल गांधी कब रात के अंधेरे में जाकर टीका लगवा आए यह पता नहीं चला| उन्होंने कहा कि 80 करोड़ लोगों को सवा दो साल तक मुफ्त अनाज देने का काम मोदी सरकार ने किया है| 13 करोड़ बहनों को गैस सिलिंडर दिए| 60 साल तक कांग्रेस की चार पीढ़ी सत्ता में रही लेकिन गरीबी नहीं हटा पाई| कांग्रेस ने अगर गरीबी हटा दी होती तो मोदी जी 13 करोड़ गैस कनेक्शन देने की जरूरत नहीं पड़ती|