भोपाल    कमला नगर थाने के लाकअप में एक युवक द्वारा फांसी लगाए जाने पर सनसनी फैल गई। प्राप्‍त जानकारी के मुताबिक युवक को उसकी भाभी द्वारा छेड़खानी का आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय गोलू उर्फ छोटू सारथी अपनी विधवा भाभी के साथ सबरी नगर में रहता था। गोलू की भाभी ने उसके खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस ने उसे शुक्रवार रात को गिरफ्तार किया था। सुबह करीब 5.30 बजे संतरी ने गोलू को फांसी पर लटका देखा और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। गोलू ने हवालत में बिछाने के कंबल को फाड़कर लोहे की सलाख से बांधा और फांसी लगा ली। घटना की सूचना के बाद जांच के लिए एसडीएम और वरिष्ठ अधिकारी थाने पहुंचे। पूरी घटना की जांच की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने थाने के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें फांसी पर लटकने से पहले मृतक शांत बैठा दिखाई दे रहा है। इस मामले में यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।