भोपाल। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने आज दिल्ली में तीनमूर्ति मार्ग स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय का भ्रमण किया। राज्यपाल श्री पटेल ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्रियों के राष्ट्र-निर्माण के योगदान को दर्शाने वाली प्रौद्योगिकी आधारित सभी 46 दीर्घाओं का अवलोकन किया।
भ्रमण के दौरान ऑगमेन्टेड रियल्टी के उपयोग से राज्यपाल श्री पटेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 अटल बिहारी वाजपेयी के साथ सेल्फी भी निकाली। संग्रहालय भ्रमण पर केरल राज्य के आये एन.सी.सी. कैडेट के साथ राज्यपाल श्री पटेल ने भारत माता की जय और वंदे- मातरम का जयघोष किया। राज्यपाल श्री पटेल ने एन.सी.सी. कैडेट्स को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि अपना जीवन ऐसा बनाएँ कि देश को कभी लांछन न लगे।
राज्यपाल श्री पटेल ने संग्रहालय की विजिटर पुस्तिका में अपने विचारों को लिपिबद्ध किया। उन्होंने लिखा कि "आज प्रधानमंत्री संग्रहालय भ्रमण करने का अवसर मिला। यहाँ बहुत ही भव्य तरीके से प्रत्येक प्रधानमंत्री की गैलरी को सजाया गया है। आजादी के बाद के भारत के इतिहास को समझने के लिए यह संग्रहालय मील का पत्थर साबित होगा।’’ राज्यपाल श्री पटेल ने संग्रहालय की पूरी टीम को शुभकामनाएँ दी। साथ ही एन.सी.सी. कैडेट सहित संग्रहालय के अन्य आगन्तुकों के साथ फोटो भी खिचवाई।