दमोह । नगर पंचायत पथरिया के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुंदर लाल विश्वकर्मा ने एक माह के अंदर तीन बार दल बदल करके नया रिकॉर्ड बना लिया है। सुंदर लाल विश्वकर्मा ने पार्षद पद का चुनाव बसपा की टिकट पर लड़ा। अध्यक्ष बनने के लिए उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ले ली। अध्यक्ष बनने के कुछ ही घंटों के अंदर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। नगर पंचायत पथरिया में इस तरह भाजपा का अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बन गया।
सुंदर लाल विश्वकर्मा को अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद 8 मत प्राप्त हुए। वह अध्यक्ष घोषित हो गए। उनके विरोध में भाजपा के पार्षद राकेश ठाकुर को 7 वोट मिले। उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा की शोभा रानी को 9 मत मिले। वह उपाध्यक्ष पद का चुनाव जीत गई। अध्यक्ष पद पर जैसे ही सुंदर लाल विश्वकर्मा चुने गए। कांग्रेसियों ने जलूस निकालकर जीत का जश्न मनाया। कुछ ही घंटों में सुंदरलाल विश्वकर्मा के तेवर बदले, उन्होंने उपाध्यक्ष शोभा रानी को अपना आदर्श बताते हुए भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। सुंदर लाल विश्वकर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर दलबदल करने का जो नया रिकॉर्ड बनाया है। वह जनप्रतिनिधियों और दलबदलूओं के लिए आदर्श नेता की पहचान बनाने में सफल हुए हैं।