भोपाल ।  ईद-उल-फितर पर्व आज पूरे उल्‍लास और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। राजधानी भोपाल में शनिवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच ईदगाह मस्जिद में ईद के मौके पर विशेष नमाज अता की गई। शहर काजी सैय्यद मुश्ताक अली नदवी ने शुक्रवार शाम को चांद दिखने के बाद अगले दिन यानी आज ईद मनाने का ऐलान किया था। शनिवार सुबह सात बजे ईदगाह पर ईद की विशेष नमाज अदा की गई। यहां पर बड़ी संख्या में सुबह से मुस्लिम समाज के लोग पहुंचे और नमाज अता करने के साथ एक-दूसरे को गले लगाकर ईद पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं। जामा मस्जिद में सुबह 7.15 बजे, ताजुल मसाजिद में सुबह 7.30 बजे और मोती मस्जिद में सुबह 7.45 बजे ईद की नमाज अता की गई। इसके बाद शहर की अन्य मस्जिदों में नमाज अदा करने का सिलसिला चलता रहा। नमाज अता करने के बाद लोग एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाइयां दे रहे हैं। घरों पर आने वाले मेहमानों को मुस्लिम समाज के लोग सिवइयों से मुंह मीठा करा रहे है। घर आए मेहमानों को और बच्‍चों को ईदी बांटी जा रही है।

ईद पर खूब हुई खरीदारी

इससे पहले शहर के बाजार शुक्रवार की रात खरीदारों की भीड़ से गुलजार रहे। लोगों जरूरत का सामान खरीदकर ईद की तैयारियों में दिखे। शहर के चौक बाजार, इब्राहिमपुरा, नदीम रोड, लखेरापुरा, इतवारा, बुधवारा के अलावा जहांगीराबाद और काजी कैंप आदि में ईद का ऐलान होते ही भीड बढ़ गई। लोग ईद की बाकी रह गई तैयारियों को पूरा करने के लिए बाजारों की तरफ दौड़ लगाते दिखाई दिए। शहर में कई स्थानों पर बन गए अस्थायी ईद बाजारों में भी खासी भीड़ दिखाई दी। हमीदिया रोड और टीला जमालपुरा क बाजारों में भी खरीदारों की भीड़ रही।

शुक्रवार को दाऊदी बोहरा समाज ने मनाई ईद

इधर, शुक्रवार को दाऊदी बोहरा समाज ने ईद मनाई। अलीगंज सहित आधा दर्जन मस्जिदों में नमाज अता की गई। लोगों ने गले-मिलकर एक-दूसरे को ईद की बधाई दी। यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा। रमजान के 30 रोजे पूरे करने के बाद बोहरा समाज ने अलीगंज, मालीपुरा, हाउसिंग बोर्ड, सैफिया रोड, कोहेफिजा आदि मस्जिदों में ईद की नमाज अता की।