दुर्ग से रायपुर को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे 53 में छत्तीसगढ़ प्रदेश का पहला क्रास ओवर ब्रिज बन रहा है। इसका निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है और इसे इसी साल शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। भिलाई पॉवर हाउस चौक को पार करने वाला ओवर ब्रिज प्रदेश का पहला क्रास ओवर ब्रिज कहलाएगा। सुपेला ओवर ब्रिज खत्म होते ही यह ओवर ब्रिज शुरू होगा, जो खुर्सीपार के पास चौक में समाप्त होगा। यहां पावर हाउस चौक में पहले से ही एक रेलवे ओवर ब्रिज बना हुआ है जो कि नंदनी रोड से भिलाई टाउनशिप को जोड़ता है। इस ब्रिज को पार करते हुए नया ओवर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। यह ब्रिज 95.60 करोड़ की लागत से बन रहा है। इसकी लंबाई 290 मीटर होगी और यह पुराने ब्रिज को 6.5 मीटर की ऊंचाई से क्रॉस करेगा। 

वर्तमान में पावर हाउस फ्लाई ओवर ब्रिज का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। कॉलम के ऊपर गेडर रखने का कार्य किया जा राह है। इसे लेकर 18 और 19 फरवरी को पुराने ब्रिज में आवागमन को बंद कर दिया गया है। ब्रिज के दोनों तरफ लोहे का गेडर कम ऊंचाई पर भी रखा जा रहा है, जिससे वहां से अधिक ऊंचाई व हैवी वाहन न निकल सके। पावर हाउस चौक में नंदिनी रोड को भिलाई नगर से जोड़ने के लिए रेलवे ओवर ब्रिज के साथ एक अंडर ब्रिज भी बन गया है। इससे रेलवे ओवर ब्रिज को बंद करने से लोगों को अधिक परेशानी नहीं हुई है। भिलाई से लेकर कुम्हारी तक तीन फ्लाई ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। यह 350 करोड़ की लागत से नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के द्वारा बनवाया जा रहा है। इसका निर्माण जिस तेजी से चल रहा है।