भोपाल ।   मध्‍य प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डा.विक्रांत भूरिया ने इंदौर इकाई के शहर अध्यक्ष, कार्यवाहक अध्यक्ष और उपाध्यक्षों को छोड़कर शेष पदाधिकारियों को भंग कर दिया है। संगठन को लेकर पदाधिकारियों के विरुद्ध उदासीनता व लापरवाही बरतने की शिकायतें थीं। पदाधिकारियों को नोटिस दिए जाते थे तो उनका उत्तर तक नहीं दिया जा रहा है। संगठन की गतिविधियां ठप पड़ गई थीं। इसे देखते हुए संगठन के प्रदेश प्रभारी अखिलेश यादव और सह प्रभारी राजीव पटनाइक की सहमति से जिला पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है।

महिला कांग्रेस की बैठक

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश में 20 नवंबर को बुरहानपुर से प्रवेश करेगी। इसकी और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर महिला कांग्रेस ने प्रदेश और जिला इकाइयों के पदाधिकारियों की मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में बैठक बुलाई है। इसमें संगठन की कार्यवाहक अध्यक्ष नेटा डिसूजा, प्रदेश प्रभारी महामंत्री ओनिका मेहरोत्रा हिस्सा लेंगी।मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती विभा पटेल ने बताया कि प्रदेश में आयोजित बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहेंगे।

प्रभारी सचिवों को दी यात्रा के प्रबंधन की जिम्मेदारी

उधर, प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी जय प्रकाश अग्रवाल ने भारत जोड़ो यात्रा के के लिए संजय कपूर, कुलदीप इंदौरा, सुधांशु त्रिपाठी और सीपी मित्तल को बुरहानपुर, दूसरे क्रम में संजय कपूर को खंडवा, सुधांशु त्रिपाठी को खरगोन, सीपी मित्तल को इंदौर और कुलदीप इंदौरा को उज्जैन जिले की जिम्मेदारी दी है।