भोपाल । उत्तर भारत में एक के बाद एक कर दो पश्चिमी विक्षोभ के असर से बुधवार से मध्‍यप्रदेश में भी मौसम का मिजाज बिगड़ना शुरू हो जाएगा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक बुधवार से मध्य प्रदेश में बादल छाने लगेंगे। साथ ही ग्वालियर, चंबल संभागों के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बौछारें पड़ने का सिलसिला शुरू हो सकता है। गुरुवार-शुक्रवार से प्रदेश के अन्य जिलों में भी बारिश की गतिविधियां तेज होने लगेंगी। इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ ओले भी गिर सकते हैं। मौसम का मिजाज नौ-दस जनवरी तक बिगड़ा रहने की संभावना है। उसके बाद एक बार फिर रात के तापमान में गिरावट होने लगेगी।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बीते चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश में पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा, जहां न्‍यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्‍सियस दर्ज किया गया। नौगांव में न्‍यूनतम तापमान 07 डिग्री और रीवा व उमरिया में 7.4 डिग्री सेल्‍सियस रहा। राजधानी भोपाल में बुधवार को न्‍यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्‍सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के मुकाबले 2.6 डिग्री सेल्‍सियस अधिक रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्‍ठ विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि वर्तमान में पाकिस्तान और उसके आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में सक्रिय है। इसके प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बन गया है। इससे हवाओं का रुख बदलने लगा है। हवाओं के साथ नमी आने से बुधवार से बादल छाने के साथ ग्वालियर-चंबल संभागों के जिलों में बारिश होने के आसार हैं। सात जनवरी को एक तीव्र आवृति वाले पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से एक अन्य प्रेरित चक्रवात राजस्थान पर बनेगा। इस सिस्टम के कारण अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी आने लगेगी। इससे सात जनवरी से वर्षा की गतिवधियों में और तेजी आने लगेगी। सात-आठ जनवरी को पूरे मध्यप्रदेश में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं।

मौसम का मिजाज 10 जनवरी तक खराब बना रहने के आसार हैं। उसके बाद मौसम साफ होने पर रात के तापमान में गिरावट होने लगेगी।