दुबई । भारतीय पंडितों की विदेश में बड़ी मांग हो रही है।सबसे ज्यादा मांग दुबई से आ रही है। भारतीय परंपरा और रीति रिवाज से पूजा करने के लिए पंडित विदेश जा रहे हैं। दुबई में पूजा पाठ संपन्न करने के लिए भारतीय पंडित लाखों रुपए की दक्षिणा वसूल कर रहे हैं। दुबई की दूरी कम है, दो दिन के अंदर पूजा
कराकर वापस भी आ जाते हैं।  यजमान खुद वीजा और हवाई जहाज के टिकट भेज देते हैं।भारतीय पंडित वहां जाकर बढ़िया खाते पीते,रहते हुए पूजा पाठ कराकर लाखों रुपए की दक्षिणा लेकर वापस आते हैं।
दुबई में दीपावली पर सोने की मांग 50 फीसदी तक बढ़ जाती है। जो पंडित वहां पर पूजा कराने जाते हैं। वह दक्षिणा के पैसे से सोना खरीद कर ले आते हैं। इस साल 500 से अधिक पंडित दीपावली की पूजा करने दुबई जाएंगे। इसके अलावा अन्य देशों में भी दीपावली की पूजा के लिए बड़ी संख्या में पंडित गए हुए हैं।पहले पूजा करने के लिए उत्तर भारत के पुजारी और पंडित जाते थे। लेकिन अब दक्षिण भारत के भी पंडित भी दुबई और अन्य देशों में पूजा करने के लिए जा रहे हैं। इसके लिए जो प्रवासी भारतीय हैं, वह एडवांस में पंडितों को बुक कर लेते हैं। उनके वीजा,लाने, वापस भेजने,ठहरने, की व्यवस्था भी प्रवासी भारतीय ही कर रहे हैं।