भोपाल। राजधानी के बैरागढ़ थाने की पुलिस को चकमा देकर धोखाधड़ी का आरोपी हाथ में लगी हथकड़ी सरकाकर फरार हो गया। थाने से भागे जालासाज कैदी के खिलाफ भोपाल के थाना बैरागढ़ सहित कई जिलो में धोखाधड़ी के मामले दर्ज है, फिलहाल वह सीहोर जेल में बंद था, जिसे प्रोडक्शन वारंट पर भोपाल लाया गया था। पुलिस सुरक्षा के बीच से कैदी के भाग जाने से थाने में हड़कंप मच गया फिलहाल सरगर्मी से उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियो पर जल्द ही गाज गिर सकती है। 
मिली जानकारी के अनुसार फरार कैदी राजकुमार पिता गणेशराम, (26) मूल रुप से ग्राम इंदरवास थाना ग्यारसपुर जिला विदिशा का रहने वाला है। शातिर राजकुमार के खिलाफ बासौदा, विदिशा, सीहोर, भोपाल में धोखाधड़ी के मामले दर्ज़ है। फिलहाल आरोपी सीहोर कोतवाली में दर्ज एक प्रकरण को लेकर सीहोर जेल बंद में था। उसके खिलाफ बैरागढ़ में अप.क्र. 265/23 धारा 420 का मामला दर्ज था। इसी चार सौ बीसी के मामले में पुलिस को उससे पूछताछ करनी थी, जिसके लिये राजकुमार को भोपाल की बैरागढ़ पुलिस सीहोर जेल से दो दिन के रिमांड पर प्रोटेक्शन वारंट पर शनिवार को लेकर आई थी। अधिकारियो का कहना है कि आरोपी रविवार अलसुबह करीब 6 बजे के बीच थाने से संतरी को चकमा देकर हथकड़ी से हाथ निकाल कर फरार हो गया। पुलिस ने फरार आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिये है। पुलिस की टीमे सीसीटीवी के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। फरार राजकुमार की तलाश में भोपाल पुलिस सीहोर, ग्यारसपुर सहित अन्य जगहों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने फरार जालसाज का फोटो भी जारी किया हैं। खबर लिखे जाने तक फिलहाल फरार आरोपी की कोई जानकारी पुलिस को नहीं मिल सकी थी। मामले में जल्द ही लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियो पर गाज गिरना तय माना जा रहा है1