शाजापुर ।   कोतवाली थाना क्षेत्र के महुपुरा में भाजपा जिला कोषाध्यक्ष किरण ठाकूर के भतीजों व उनके साथियों ने भाजपा मीडिया प्रभारी विजय जोशी और उनके भाईयों के साथ घर में घुसकर मारपीट की।मामले में विजय जोशी की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने भाजपा जिला कोषाध्यक्ष ठाकूर के भतीजों व अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।विवाद का यह मामला शहर की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है।

कोतवाली थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार विजय पुत्र कमल जोशी उम्र 36 वर्ष निवासी महुपुरा शाजापुर ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह भाजपा जिला मीडिया प्रभारी हैं। 26 अगस्त को भाजपा पार्टी की बात को लेकर मेरा भाजपा के ही नेता विवाद किरण ठाकुर निवासीमहुपुरा से हो गया था। इन लोगों ने मेरे साथ लात-घुसों और डंडे से मारपीट की। मुझे बचाने के लिए मेरे भाई अमर जोशी एवं विशाल जोशी आए तो सभी उनके साथ भी मारपीट की। मामले में पुलिस ने उदित ठाकुर, दीपांजय ठाकुर, विशाल ठाकुर, नरेश ठाकुर व अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

तिरंगा यात्रा में भी हुआ था नेताओं के बीच विवाद

14 अगस्त को जिला प्रशासन द्वारा निकाली गई तिरंगा यात्रा में भी भाजपा नेताओं के बीच कहासूनी, यहां की आस्तीन चढ़ाकर गाली-गलाैच तक होने की चर्चाएं जोरों पर हैं। नगर पालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष में तनातनी जग-जाहिर है। वहीं अब भाजपा जिला कोषाध्यक्ष और भाजपा प्रेस प्रवक्ता के बीच जमकर मारपीट हुई। चुनावी साल में भाजपा में सामने आ रहे यह विवाद पार्टी और सरकार के लिए चिंताजनक बात है। यूं भी शाजापुर जिले की तीन विधानसभा में से दो पर कांग्रेस काबिज है। अगर भाजपा नेता एेसे ही आपस में लड़ते रहे तो इससे चुनाव में नुकसान की संभावना रहेगी।

अच्छी बात नही है

जो विवाद हुआ, वह अच्छी बात नही है। इस तरह की स्थित नही बननी चाहिए। हमने दोनों पक्षों को समझाईश दी है, आगे भी साथ बैठाकर चर्चा करेंगे। इस विवाद से मैं खुद आहत हूं, पार्टी में इस तरह के विवाद नही होने चाहिए।

- अशोक नायक, भाजपा जिलाध्यक्ष

रंजिश के चलते कराया हमला

भाजपा के ही नेता से गत दिनों भाजपा कार्यालय पर हुई प्रेस कांफ्रेस को लेकर कहासूनी हुई थी। उन्होंने मुझे धमकी भी दी थी।मैं बाहर था, रविवार को शाजापुर लाैटा तो भाजपा नेता किरण ठाकूर के कहने पर उनके परिवार के युवकों ने अपने साथियों के साथ मेरे घर में घुसकर जानलेवा हमला किया है। मैंने कोतवाली थाने में केस दर्ज कराने के साथ ही पार्टी के वरिष्ठजनों को भी जानकारी दी है।विजय जोशी, जिला मीडिया प्रभारी भाजपा

मेरी कोई भूमिका नही, मेरा नाम लेना गलत

मेरी विजय जोशी से कोई कहासुनी नही हुई। जिस दिन प्रेस कांफ्रेस हुई। उस दिन भी मैं शाजापुर में नही था। रविवार को जिस समय झगड़ा हुआ उस समय भी मैं शाजापुर में नही था। मेरे भतीजों से जो झगड़ा हुआ वह आपसी मामले को लेकर हुआ होगा। इसकी न तो मुझे जानकारी है और न ही मेरी कोई भूमिका है।

-किरण ठाकुर, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष